पानीपत से गिरफ्तार शार्प शूटर सुक्खा सलमान खान की हत्या की साजिश रच रहा था, मुंबई पुलिस ने दबोचा
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम सुक्खा है और उसे हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि सुक्खा, जो कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर है, को नवी मुंबई लाया गया है। उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सलमान खान की सुरक्षा हाल ही में बढ़ा दी गई थी, खासकर महाराष्ट्र के पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद। बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी, और अब सलमान खान की हत्या की साजिश सामने आने के बाद सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।
सुक्खा ने की थी सलमान के फार्महाउस की रेकी
जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस और हरियाणा पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में सुक्खा को गिरफ्तार किया गया। 2022 में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार के इशारे पर सुक्खा ने सलमान के पनवेल स्थित फार्महाउस की रेकी की थी। उस समय सुक्खा को सलमान पर हमला करना था, लेकिन साजिश नाकाम रही। शार्प शूटरों ने फार्महाउस के गार्ड तक से दोस्ती कर ली थी, जिससे सलमान पर हमले का प्लान बना रहे थे, परंतु यह विफल रहा।
सलमान के फार्महाउस में घुसने की कोशिश
जनवरी 2024 में दो अज्ञात व्यक्तियों ने नकली पहचान पत्र के जरिए पनवेल फार्महाउस में घुसने का प्रयास किया था। सलमान खान ने इस घटना को लेकर पुलिस को दिए बयान में बताया था कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक है।
सलमान पर हमले की कई कोशिशें
इस साल जून में भी सलमान खान के नवी मुंबई स्थित फार्महाउस के रास्ते में उनकी हत्या की साजिश का खुलासा हुआ था। इससे पहले अप्रैल में सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की थी। सलमान ने पुलिस को बताया था कि उन्हें अपने और परिवार के सदस्यों पर हमले का डर है।
पुलिस का दावा है कि लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा गैंग ने सलमान की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए करीब 60-70 लोगों को तैनात किया था, जो उनके बांद्रा वाले घर, पनवेल फार्महाउस और शूटिंग लोकेशन पर लगातार निगरानी रख रहे थे।
सलमान खान की सुरक्षा पर उनके भाई अरबाज खान ने भी चिंता जताई थी और कहा था कि यह वक्त दिखाता है कि कौन आपके साथ खड़ा है।
Read More:
Join Our WhatsApp Channel: Click Here to Join